क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
कोतवाली चौराहे के निकट दो कारों की भिड़ंत में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पाकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
कस्बा में हाईवे पर रामबती फिलिंग स्टेशन के निकट अलीगढ़ से आ रही एक कार ने आगे चल रही दूसरी कार में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दोनो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। पीछे से आ रही गाड़ी के चालक जमील पुत्र मुस्ताक अली एवं उसकी मां गुड्डी गंभीर घायल हो गई। जबकि आगे चल रही गाड़ी के सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी शांति शरण यादव दल बल सहित मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां उनका उपचार चल रहा है। क्षतिग्रस्त गाड़ियों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।