न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सब रजिस्टार दफ्तर में हुए विवाद में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में जब पुलिस ने सब्जी मंडी स्थित बीज की दुकान को बंद कराया तो व्यापारी आक्रोशित हो गए। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शनिवार को सीओ योगेश कुमार से मिलकर पुलिस द्वारा दुकान बंद कराने को लेकर विरोध दर्ज कराया।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर महामंत्री अनुपम जिंदल ने कहा कि पुलिस ने आखिर किस आधार पर सब्जी मंडी में बीज विक्रेता सुरेशचंद्र की बीज की दुकान को बंद कराया। जब उक्त व्यापारी का सब रजिस्ट्रार दफ्तर के प्रकरण से कोई वास्ता ही नहीं है। यह तो व्यापारियों का उत्पीड़न है।
उन्होंने कहा कि अगर व्यापारियों का उत्पीड़न किया गया तो वे चुप नहीं बैठेंगे। सीओ ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि किसी भी व्यापारी का कोई उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। सीओ से मिलने वालों में पूर्व चेयरमैन बालकिशन गोयल, अनुपम जिंदल, विष्णु कुमार अग्रवाल, संजीव गोयल, चंद्रभान अग्रवाल, संजीव गोयल, रोहन सिंह आदि मौजूद थे।