न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली हसायन क्षेत्र के रति का नगला से सिलेंडर से भरा ट्रक लुटने की सूचना के बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। कासगंज पुलिस की मदद से हसायन पुलिस चालक सहित ट्रक को बरामद भी कर लिया। पूछताछ में मामला ट्रक मालिक और ट्रांसपोर्टर के बीच लेन-देन का निकला।
सोमवार की देर शाम करीब सात बजे जनपद कासगंज के कंट्रोल रूम पर सूचना दी गई कि हाथरस के थाना हसायन क्षेत्र के रति का नगला से सिलेंडर से भरा हुआ ट्रक कुछ बदमाश लूटकर भागे हैं। इस सूचना पर जनपदीय कंट्रोल रूम द्वारा सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों और जिले में पीआरवी को सतर्क करते हुए वाहन चेकिंग अभियान शुरू हुआ।
रात को करीब आठ बजे ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। यूपी76-के3835 चालक द्वारा पीआरवी को देखकर भागने की कोशिश की गई। पीआरवी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा एसएचओ कासगंज के सहयोग से ट्रक को चालक सहित पकड़ लिया गया। हसायन थाना पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंची और ट्रक के साथ चालक को अपने साथ ले आई। हसायन कोतवाली एसएचओ अवधेश कुमार ने बताया कि ट्रक लूट की घटना सही नहीं थी।
जब ट्रक को पकड़ लिया गया तो पता चला कि जो व्यक्ति ट्रक लेकर गया था, वह उस ट्रक का मालिक था, जबकि सूचना देने वाला व्यक्ति ट्रांसपोर्टर था। इन दोनों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है। इसके चलते ट्रक मालिक अपने ट्रक को रति का नगला से लेकर चला गया था।