न्यूज डेस्क अमर उजाला, हाथरस।
शहर में खुले में रखे ट्रांसफॉर्मर हादसों को न्योता दे रहे हैं। स्थानीय टाप रोड पर शुक्रवार की मध्य रात्रि एक ट्रांसफॉर्मर में भीषण आग लग गई। काफी देर तक धू-धूकर जलने के बाद इस ट्रांसफॉर्मर की आग खुद ही बुझ गई। इसके चलते काफी देर तक बिजली भी गुल रही।
शहर के कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर खुले में रखे हैं। बारिश के मौसम में तो इनसे भीषण हादसे की आशंका रहती है। शुक्रवार की मध्य रात्रि यही हुआ। पॉलीटेक्निक के निकट टाप रोड पर रखे एक ट्रांसफॉर्मर में एकाएक भीषण आग लग गई। आग के चलते ट्रांसफॉर्मर में तेज धमाका हुआ और उसका ऑयल छिटक कर काफी दूर तक पहुंच गया।
गनीमत रही कि रात्रि का समय था और सड़क पर कोई आवागमन नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी वहां आ गए। हालांकि बाद में ट्रांसफॉर्मर की आग बुझ गई। इसके चलते इलाके की बिजली काफी देर तक गुल रही।