न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
बेसिक शिक्षा विभाग की मृत शिक्षिका सरस्वती देवी के स्थान पर लंबे समय तक नौकरी करने वाली महिला की तलाश कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में बीएसए कार्यालय पहुंचकर इस शिक्षिका की नियुक्ति पत्रावली के बारे में जानकारी की।
ज्ञात रहे कि मुरसान ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कथरिया में तैनात एक शिक्षिका की सेवानिवृत्ति की पत्रावली विभाग में काफी तेजी से चली। इस संबंध में पूर्व में ही बेसिक शिक्षा अधिकारी को उक्त शिक्षिका के सामान्य की होने के बावजूद भी ओबीसी में नौकरी करने की शिकायत बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्राप्त हुई थी। जिसमें बेसिक शिक्षा अधिकारी ने वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय को आदेश भी जारी किए कि इस संबंध में उनके अग्रिम आदेशों तक कोई कार्रवाई न की जाए।
जब शिक्षिका की सेवानिवृत्ति की पत्रावली पर कार्रवाई बीएसए के आदेशों के बिना आगे बढ़ी तो बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी जमुना प्रसाद सुमन को इसकी जांच करने के आदेश दिए। बीईओ ने इस शिक्षिका की सेवा पुस्तिका में इसका स्थानीय पता देखकर उसके गांव जांच के लिए पहुंचे। जहां पता चला कि करीब 22 पूर्व ही सरस्वती देवी की मौत हो चुकी है।
सरस्वती देवी ने बीटीसी करने के बाद सिर्फ विभाग में शिक्षक बनने के लिए आवेदन किया था। ज्वाइनिंग करने से पहले ही उनकी मौत हो गई। बीईओ की जांच के बाद बीएसए ने उक्त फर्जी शिक्षका के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। जिसके बाद अब कोतवाली हाथरस गेट पुलिस इस फर्जी शिक्षिका के बारे में पूरे प्रकरण की जांच करने में जुट गई है। जिससे विधिवत रूप से कार्रवाई की जा सके।