न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मेंडू रेलवे स्टेशन पर पुरदिलनगर निवासी युवक मालगाड़ी की चपेट में आने से घायल हो गया। यात्रियों ने ट्रेन द्वारा घायल युवक को हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन और फिर यहां से जीआरपी प्रभारी सोनू राजौरा के सहयोग से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से उसे गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पुरदिलनगर निवासी गुलफाम (24) पुत्र शौकत किसी काम से हाथरस आ रहा था। इस बीच किसी तरह से वह मेंडू रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी डाउन फर्रुखाबाद से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल कासगंज से मथुरा की तरफ जाने वाली पैसेंजर गाड़ी से कुछ यात्री हाथरस सिटी सिटी स्टेशन लेकर पहुंचे।
यहां घायल को जीआरपी प्रभारी सोनू कुमार राजौरा अपने साथियों के साथ पैदल ही स्ट्रेचर पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर युवक की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। उसका कोई परिजन नहीं होने के कारण उसके साथ कांस्टेबल मोहम्मद साकिब को अलीगढ़ भेजा गया और युवक के घायल होने की सूचना उसके परिजनों को दी गई।