अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
आठ महीने पहले चंदपा क्षेत्र के खेड़ा परसौली गांव के अतर सिंह की हत्या के मामले में चंदपा पुलिस ने अभी तक चार्जशीट दाखिल नहीं की है। अतर सिंह की पत्नी सत्यवती ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर साफ किया है कि अगर जल्द ही उनके पति की हत्या के मामले में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल नहीं की गई तो वह दाऊजी मेले में आने वाले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की कार के नीचे आकर जान दे देंगी।
सत्यवती ने चंदपा पुलिस पर मामले में समझौता करने का दबाव बनाने और समझौता नहीं करने पर झूठे आरोप में जेल भिजवाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। सत्यवती ने कहा कि पति की हत्या के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें धमका रहे हैं। मालूम हो कि सत्यवती पति के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कई बार कोशिश कर चुकी हैं। धरना-प्रदर्शन से लेकर आवास विकास कॉलोनी की पानी की टंकी पर चढ़ने जैसे जतन वह कर चुकी हैं। हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है।