अब सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से सपा के पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल को धमकी भरा पत्र मिला है। इसमें पूर्व विधायक से 10 लाख रुपये की चौथ मांगी गई है और न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। इसे लेकर विधायक ने एसपी से पूरे मामले की शिकायत करते हुए सुरक्षा की मांग की है।
सपा के पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल के घर बुधवार को एक धमकी भरा पत्र रजिस्टर्ड डाक से आया। पत्र भेजने वाले ने खुद को गौतमबुद्ध नगर जेल का कैदी बताया है। पत्र में अग्रवाल से 10 लाख रुपये की मांग की गई है। इसमें मुकेश चौहान का नाम लिखा है। इस मामले को लेकर सपा विधायक एसपी जयप्रकाश से मिले और पूरे मामले की जानकारी देते हुए पत्र भेजने वाले का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुरक्षा की मांग की।
ये लिखा है पत्र में
विधायक जी नमस्कार दिमाग खराब हो गया है आपका, जब से मैं अलीगढ़ जेल से गौतमबुद्ध नगर जेल गया हूं एक बार भी पैसे नहीं भिजवाए हैं। आपका दिमाग खराब हो गया है। अलीगढ़ समय से पैसे भेज देते थे। आप सोच रहे होंगे कि गौतम बुद्ध नगर से हमारा क्या बिगाड़ लेगा, जो काम अलीगढ़ से नहीं हो सकते थे, वह यहां से बहुत आसानी से हो जाएगा, क्योंकि चुनाव बहुत शीघ्र होने वाला है। चुनाव की जन सभाएं भी करनी होंगी, फिर आपके दिमाग को सही करने की और कोई जगह मुझे नहीं तलाशनी पड़ेगी, पैसे नहीं भेजने का अंजाम तभी पता चल जाएगा। अपनी सलामती चाहते हो तो 10 लाख रुपये गौतमबुद्ध नगर जेल में मेरे पास अतिशीघ्र भिजवा दो, नहीं भिजवाने पर अंजाम भुगतने को तैयार रहना। प्रदेश में सरकार बीजेपी की है, आपकी सपा की नहीं, जो आपको बचा लेगी। तुम मेरे बारे में बहुत कुछ जानते हो कि मैं आपका क्या कर सकता हूं। पैसे देने हैं या सकून से जिंदगी जीने की कीमत देनी होगी।
सपा के पूर्व विधायक को धमकी भरा पत्र मिला है। विधायक ने आकर पूरी जानकारी दी है। इस मामले की जांच कराई जाएगी, ताकि पत्र के बारे में सही बात सामने आ सके। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-जयप्रकाश, एसपी हाथरस