कोविड अस्पताल के नजदीक महाविद्यालय में मरीजों ने लगाए बिस्तर।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
नगर के जीटी रोड स्थित कोविड वन अस्पताल में इलाज के लिये भर्ती कराए गए कोरोना संक्रमित मरीज पूरी तरह मनमानी पर उतर आए हैं। वह पूरे परिसर में जबरन पास के भवनों पर कब्जा कर रहे हैं और अपने बिस्तर दूसरे परिसर में बिछा रहे हैं। कई मरीजों ने पास के महाविद्यालय में ताला तोड़कर बिस्तर बिछा लिए हैं।
बता दें कि कोरोना संक्रमण के मरीजों के इलाज के लिए जीटी रोड स्थित जेपी हॉस्पिटल को उसके स्वामी विपिन वार्ष्णेय ने मुफ्त में जिला प्रशासन को दिया था। इसमें तेजी से कोरोना मरीजों को इलाज के लिए भर्ती किया जा रहा है। कुछ दिन पूर्व मरीजों ने अस्पताल में हंगामा कर पाइप लाइन तोड़ दी और कूड़ा-करकट इधर-उधर फैला दिया था। सीएचसी प्रभारी डॉ. विवेक यादव ने छह मरीजों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
अस्पताल के समीप ही महाविद्यालय का परिसर है। कुछ दिन से मरीजों ने यहां नया हंगामा शुरू कर दिया है। बिना अनुमति के मरीजों ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार का ताला तोड़ लिया है और उसमें बिस्तर बिछा रहे हैं। महाविद्यालय स्वामी विपिन वार्ष्णेय ने इसकी सूचना डीएम से लेकर सीएमओ तक को देते हुए महाविद्यालय परिसर को शीघ्र खाली कराने का अनुरोध किया है। विपिन का कहना है कि उन्होंने तो यह सोचकर इस परिसर को जिला प्रशासन को दिया था कि मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए बेहतर इलाज मिल सके, लेकिन मरीज तो अनुशासनहीनता की हद ही पार कर रहे हैं।
एल-1 कोविड अस्पताल के मरीजों द्वारा तोड़ा गया महाविद्यालय का ताला। - फोटो : SIKANDHRA RAHU