दाऊजी मेला पंडाल के पीछे रखा गया कंटेनर ऑफिस। संवाद
- फोटो : Samvad
115वें मेला श्रीदाऊजी महाराज में इस बार प्रशासन ने खर्च बचाने के लिए अनोखी पहल की है। हर वर्ष अतिथियों, अधिकारियों और कलाकारों के ठहरने के लिए अस्थायी रूप से तैयार किए जाने वाले दो स्विस कॉटेज रूम की जगह राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मॉड्यूलर ऑफिस कंटेनर का उपयोग किया गया है। इससे करीब 15 लाख रुपये के निर्माण खर्च की बचत हुई है।
मेला पंडाल के मुख्य मंच के ठीक पीछे स्थापित इस कंटेनर में दो सुसज्जित ऑफिस रूम के अलावा किचन, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। वातानुकूलित व्यवस्था और आधुनिक इंटीरियर के कारण यह कंटेनर किसी स्थायी कार्यालय से कम नहीं दिखाई देता। मेले में आने वाले लोग कंटेनर के अंदर की बनावट और सुविधाओं को देखकर हैरान हैं। यहां कार्यरत कर्मचारियों ने बताया कि पुन: उपयोग योग्य इस व्यवस्था से समय और सरकारी धन दोनों की बचत हुई है, साथ ही अतिथियों के ठहरने की बेहतर सुविधा भी सुनिश्चित हुई है। संवाद