क्षेत्र में रविवार की देर रात करीब पौने 12 बजे बीएसएनएल की संचार सेवाएं अचानक ठप हो गईं, जिससे मोबाइल, इंटरनेट और अन्य सेवाओं का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अचानक नेटवर्क गायब होने से लोग न तो कॉल कर सके और न ही इंटरनेट का इस्तेमाल कर पाए, जिससे रात्रि के समय आपात जरूरतों में भी दिक्कतें आईं।
रातभर सेवाएं बाधित रहने के बाद उपभोक्ताओं ने बीएसएनएल अधिकारियों को फोन कर शिकायतें दर्ज कराईं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि मोबाइल फोन पर नेटवर्क पूरी तरह गायब हो गया था और इंटरनेट सेवाएं भी पूरी तरह बंद रहीं। इसका असर व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल भुगतान जैसी सेवाओं पर भी पड़ा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मथुरा और राया के बीच कहीं ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) कट जाने के कारण क्षेत्र की बीएसएनएल सेवाएं ठप हो गईं थीं। देर रात तक तकनीकी टीम समस्या का पता लगाने में जुटी रही, जिसके बाद सोमवार सुबह मरम्मत कार्य शुरू किया गया। बीएसएनएल के जूनियर इंजीनियर विजय यादव ने बताया कि मथुरा-राया के बीच ओएफसी कटने से सादाबाद की मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हुई थीं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद संचार सेवाओं को सुचारू करा दिया गया। सेवाएं बहाल होने के बाद उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।