पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से हाथरस सिटी स्टेशन पर रुकने वाली 15056/15055 रामनगर-आगरा फोर्ट-रामनगर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के सभी कोच को बदला जाएगा। इन ट्रेनों के पुराने आईसीएफ कोच को आधुनिक एलएचबी कोच से बदला जाएगा। यह कोच अपेक्षाकृत काफी सुरक्षित व यात्रियों के लिए सुविधाजनक हैं। इन ट्रेनों में कोच की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
रेलवे की ओर से 15056/15055 रामनगर-आगरा फोर्ट-रामनगर एक्सप्रेस में तीन जुलाई से बोगियों को बदला जाएगा। इस ट्रेन में अब तक इंटीग्रल कोच फैक्टरी यानी पारंपरिक यात्री कोच लगे हैं, जिनका प्रयोग भारतीय ट्रेनों में किया जाता है, लेकिन अब इनके स्थान पर एलएचबी कोच यानी लिंके हॉफमैन बुश द्वारा विकसित किए गए कोच लगाए जाएंगे।
यह कोच बेहद सुरक्षित और अधिक आरामदायक होते हैं। इसका कपलिंग सिस्टम भी अत्याधुनिक होता है, जो दो कोचों के बीच गति को कम करता है, जिससे दुर्घटना के दौरान कोचों के एक-दूसरे पर चढ़ने की संभावना कम हो जाती है। नई रैक जेनरेटर सह लगेज यान का एक, एलएसएलआरडी का एक, साधारण द्वितीय श्रेणी के चार, शयनयान श्रेणी के पांच, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के पांच और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के एक सहित कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। पूर्वाेत्तर रेलवे के गोरखपुर जोन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस की भांति 12092/12091 काठगोदाम-देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस में भी कोच बदले जाएंगे।