मोहर्रम का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में लगभग 12 हजार मोहर्रम जुलूस निकले, लेकिन कहीं भी दंगा, पथराव या कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पष्ट व्यवस्था बनाई है कि ताजिए के नाम पर किसी गरीब का घर नहीं हटेगा, किसी मकान का छज्जा नहीं तोड़ा जाएगा और न ही हाईटेंशन बिजली लाइन हटाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर ताजिए की ऊंचाई कम करनी होगी, लेकिन आम जनता की सुरक्षा और सुविधाओं से समझौता नहीं होगा।
किसानों के लिए योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रोसेसिंग सेंटर और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाएं विकसित कर रही है। उन्होंने बताया कि आगरा में इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर और वाराणसी में इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट स्थापित किए गए हैं, ताकि किसानों को समय पर उन्नत बीज मिल सकें और कम लागत में अधिक उत्पादन हो। उन्होंने कहा कि आलू किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अन्नदाता किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
डबल इंजन सरकार की योजनाएं गिनाईं
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी जाति, धर्म, भाषा या क्षेत्र के भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान, हर घर शौचालय और उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार होली और दीपावली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो मुफ्त एलपीजी सिलिंडर भी उपलब्ध करा रही है।
'उत्तर प्रदेश का नौजवान अब पहचान नहीं छिपाता'
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश का युवा दूसरे राज्यों में जाकर अपनी पहचान छिपाता था क्योंकि प्रदेश की कानून-व्यवस्था की छवि खराब थी। आज स्थिति बदल चुकी है। अब उत्तर प्रदेश का नौजवान गर्व के साथ अपनी पहचान बताता है और प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।
अखिलेश यादव पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का बयान पढ़ा, जिसमें वह अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, "आप क्या अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाएंगे। रामभक्तों पर गोली आपकी ही सरकार ने चलवाई थी। अयोध्या को रामभक्तों ने सजा-संवार दिया है। आप उसकी चिंता मत करिए, पहले पश्चाताप करिए और एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए। योगी ने आगे कहा कि यदि अखिलेश यादव में हिम्मत है तो मथुरा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर बोलें। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि को भी सम्मान मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, "आपमें हिम्मत नहीं है, क्योंकि आप मुल्ला और मौलवियों के आगे घुटने टेकते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के पास अयोध्या, मथुरा या प्रदेश के विकास को लेकर कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं है।
कांग्रेस और आपातकाल पर भी साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने 25 जून 1975 को लगे आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय जयप्रकाश नारायण, डॉ. मुरली मनोहर जोशी और मुलायम सिंह यादव सहित कई विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। उन्होंने कहा कि आज समाजवादी पार्टी उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर मुलायम सिंह यादव की विरासत का अपमान कर रही है।
हाथरस के विकास का रोडमैप
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस के तीनों विधायकों ने सड़क, फ्लाईओवर और अन्य विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव दिए हैं, जिन पर सरकार काम कर रही है। मेडिकल कॉलेज की समस्याओं का समाधान, सिकंदराराऊ बस स्टैंड का निर्माण और अन्य परियोजनाओं के लिए धनराशि स्वीकृत की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाथरस का औद्योगिक क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। इससे हाथरस, कासगंज, एटा और आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम कर रही है।
हींग और गुड़ का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस की हींग की खुशबू और यहां के गुड़ का स्वाद आज पूरे प्रदेश और देश में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर जिले की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करेगी। उन्होंने हाथरस की जनता को 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात पर बधाई देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव विकास, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी।