संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ द्वारा डॉ. राजेंद्र कृष्ण संगीत महाविद्यालय, मथुरा के सहयोग से प्रतिभाओं की खोज के लिए 2022-23 की शास्त्रीय संगीत गायन, वादन एवं कथक की मंडलीय प्रतियोगिताएं 23 जनवरी को होंगी। प्रतियोगिता श्रीकृष्ण गोशाला हाथरस के सभागार में सुबह 10 बजे से होंगी।
प्रतियोगिता के संयोजक संगीताचार्य डॉ. राजेंद्र कृष्ण अग्रवाल ने बताया कि शास्त्रीय गायन में ध्रुपद/धमार, ख्याल/तराना और ठुमरी/दादरा; वादन में सितार/गिटार/सरोद/संतूर आदि तंत्र वाद्य और सारंगी/दिलरूबा/इसराज/वायलिन आदि गज वाद्य एवं बांसुरी/शहनाई/क्लेरियोनेट आदि सुषिर वाद्य के अतिरिक्त अवनद्ध वाद्य में तबला और पखावज तथा कथक में होंगी। सभी प्रतियोगिताएं बाल वर्ग 8 से 14 वर्ष, किशोर वर्ग 14 से 20 वर्ष और युवा वर्ग 20 से 25 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए होंगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लगेगा 200 रुपये
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी को प्रति विधा 200 रुपये का ड्राफ्ट अथवा नकद शुल्क प्रतियोगिता स्थल पर जमा कराना होगा। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राएं प्रमाणपत्र द्वारा सम्मानित होंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों को लखनऊ में फाइनल के लिए सरकारी खर्चे पर आमंत्रित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी संयोजक से मोबाइल नंबर 98972 47880 अथवा 88514 02815 पर संपर्क कर फॉर्म प्राप्त कर लें।