नगर पालिका परिषद हाथरस में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब जनगणना ड्यूटी पत्र लेने पहुंचे एक जनगणना कर्मी व पालिका के लिपिक के बीच कहासुनी हो गई। दोनों एक-दूसरे पर अभद्रता का आरोप लगा रहे थे। नौबत मारपीट तक पहुंच गई, लेकिन वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। प्रकरण में ईओ से भी शिकायत की गई है।
नगरीय क्षेत्र में ड्यूटी लगाने की जिम्मेदारी संबंधित नगर निकाय को दी गई है। नगर पालिका परिषद हाथरस क्षेत्र में 449 कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। 12 मई से मतगणना कर्मियों के ड्यूटी पत्र बांटे जा रहे हैं। सोमवार को लाड़पुर के शिक्षक पवन ड्यूटी पत्र लेने के लिए कार्यालय पहुंचे। वह पालिका के लिपिक राजीव कुलश्रेष्ठ की सीट पर पहुंचे।
यहां लिपिक ने कहा कि बुकलेट में उनका नाम नहीं है, इसलिए ड्यूटी पत्र उनके पास नहीं है। शिक्षक ने यह बात लिखकर देने के लिए कहा। इस पर लिपिक ने बुकलेट सामने रख दी और खुद नाम देने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते हंगामा खड़ा हो गया। पालिका के कर्मचारी व वहां मौजूद लोग एकत्रित हो गए। काफी देर में मामला शांत हुआ।
बाद में शिक्षक को ईओ कार्यालय जाने के लिए कहा गया। प्रकरण में शिक्षक ने ईओ से फोन पर शिकायत की। ईओ रोहित सिंह ने कहा कि ड्यूटी पत्र को लेकर गलतफहमी हुई थी। शिक्षक के आरोपों को लेकर जांच की जा रही है। लिपिक का भी पक्ष लिया गया है।