मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सोमवार को जिला प्रशासन एवं सराफा व्यापारियों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम अतुल वत्स एवं एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने की। यहां पर जीएसटी अधिकारियों ने कहा कि व्यापारी लोगों को पुराने स्वर्ण आभूषणों से नए बनवाने के लिए प्रेरित करें। इससे सोने का आयात कम होगा और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ने वाला दबाव कम किया जा सकेगा।
अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि सोने का बिस्किट (बुलियन) एवं गोल्ड बार की बिक्री से परहेज किया जाए। डीएम व एसपी ने प्रधानमंत्री की अपील पर सहयोग का अनुरोध किया तो व्यापारियों ने पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस बैठक में संयुक्त आयुक्त कार्यपालक मथुरा संभाग रमेश सिंह, उपायुक्त राज्यकर खंड-01 राजकुमार सिंह, उपायुक्त राज्यकर खंड-02 प्रद्युम्न गुप्ता तथा सहायक आयुक्त हरिनाथ यादव उपस्थित रहे। वहीं सराफा कमेटी हाथरस के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष दीपेश अग्रवाल, सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष रमनमूर्ति शर्मा, सुरेश अग्रवाल सहित 100 से अधिक व्यापारी शामिल हुए।