सिकंदराराऊ। नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद पूर्वी में गुरुवार की दोपहर को 10 वर्षीय बच्चे का शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। पिता का कहना है कि बच्चे ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद पूर्वी में गुरुवार की दोपहर को संतोष कुमार जाटव के 10 वर्षीय पुत्र प्रशांत का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पिता का कहना था कि बच्चे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पिता तो शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे, लेकिन मृतक के ननिहाल वालों के दबाव के चलते पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर आत्महत्या की बात कही है। मृतक का पिता संतोष पशु चिकित्सा विभाग में कर्मचारी है।
उसके चार बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं। प्रशांत इन चारों में सबसे बड़ा था। कोई भी परिजन बच्चे की मृत्यु का कारण बताने में असफल रहा कि आखिर इतनी कम उम्र में ऐसा क्या हो गया, जिससे लड़के ने आत्महत्या कर ली। कोतवाल डीके सिसौदिया का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। डॉक्टरों ने जांच के लिए बिसरा प्रिजर्व किया है।