जीटी रोड पर ट्रक दुर्घटना में मृत सीमा की बेटी तथा दुखी हालत में बैठे पिता।
- फोटो : अमर उजाला
सिकंदराराऊ। नगर क्षेत्र सीमा में गत 24 घंटे में हुए दो हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसों से कोहराम मचा रहा।
पहली घटना नगर के मोहल्ला गौसगंज में गुरुवार की रात करीब साढ़े सात बजे हुई। यहां गेहूं काटने वाले का टव निकलकर तेज गति से महिला के सिर में लगने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई।
मोहल्ला निवासी रामबाबू पुत्र भूपसिंह का गेहूं खेत पर कटर से निकल रहा था। पास ही में उसकी पत्नी कृष्णकांती खड़ी थी। तहरीर में कहा गया है कि एकाएक कटर का टव टूटा और पास ही खड़ी कृष्णकांती (35 वर्ष) के सिर में तेजी से जा लगा। लोहे का टव तीव्र गति से लगने कृष्णकांती के सिर में गंभीर चोट आईं और वह वहीं पर लहूलुहान होकर गिर पड़ी। तत्काल उसे सीएचसी पर ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है।
दूसरी दुर्घटना शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे हुई। नगर के मोहल्ला करीम नगर निवासी सीमा (25 वर्ष) पुत्री शहीदा बाजार से वापस घर जा रही थी। जीटी रोड पर सब्जी मंडी के निकट अलीगढ़ की तरफ जाते ट्रक के पिछले पहिये के नीचे किसी प्रकार आ गई। पहिया सिर के ऊपर से गुजरने से सिर फट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग गया। घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई। मृतका का पिता उसकी पुत्री को लेकर घटनास्थल पर आ गया। घटना की रिपोर्ट मृृतका के चचेरे भाई अशरफ ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज कराई हैं। पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।