नगर पंचायत की लगभग 35 हजार की आबादी करीब छह हजार छोटे-बड़े घरों में निवास करती हैं। इनको पानी मुहैया कराने के लिए एक ही टंकी है। इससे करीब 1200 घरों में पानी की आपूर्ति हो रही है। अधिकांश लोग लगभग 3600 सबमर्सिबल पंप और 210 हैंडपंप पर भी पानी के लिए निर्भर हैं। कस्बे के कई मोहल्लों में पानी के कनेक्शन मिलने का इंतजार है।
प्रधानमंत्री आवास के तहत बने नये घरों में भी पानी के कनेक्शन नहीं हैं। कुछ मोहल्ले ऐसे भी हैं, जहां एक ही हैंडपंप से लोगों को पानी लेने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इसमें परेशानी हो रही है। धनसारी चुंगी स्थित मोहल्लों में नये कनेक्शन की दरकार है। नई बस्तियों में भी पानी के कनेक्शन नहीं हैं, जिससे लोग परेशान हैं।
पूर्व में नगर पंचायत में पानी की दो टंकियां थीं। एक पुरानी टंकी में खराबी होने से बंद कर ध्वस्त करा दिया गया था। अब इसके स्थान पर पार्क बन रहा है। दूसरी टंकी वर्ष 2007 में बनी, जिससे पानी की आपूर्ति हो रही है। नगर पंचायत की पानी की जरूरत पूरा करने के लिए कम से कम पानी की दो टंकियों की जरूरत है।
मोहल्ले के लगभग 30 मकानों के बीच पानी के तीन कनेक्शन ही अब तक हुए हैं। बाकी मोहल्ले के लोग हैंडपंप से पानी भर रहे हैं। अगर कनेक्शन मिल जाए तो बेहतर होगा।-बेबी, शिवपुरी गली नंबर 8।
प्रधानमंत्री आवास के तहत मकान बन गए, लेकिन पानी के कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। जिससे पानी की किल्लत है। लोग हैंडपंप से पानी ले रहे हैं। कुछ ने सबमर्सिबल पंप लगवा लिए हैं। -जरीना, ढोलक वाली गली।
नई आबादी वाले मोहल्लों में पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है। इससे मोहल्ले में पानी नहीं पहुंच रहा है। मजबूरी में लोगों को सबमर्सिबल पंप लगवा रहे हैं।-ओमप्रकाश निवासी शिवपुरी, धनसारी चुंगी।
जहां पाइपलाइन नहीं है, वहां हैंडपंप लगवाए गए हैं। पानी की लाइन बिछाने के लिए काम जल्द शुरू कराया जाएगा। -प्रमोद कुमार वेंस, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत छर्रा।
कस्बे में हाल ही में 9 नए वाटर कूलर लगाए गए हैं, छह अभी और लगाए जाएंगे। जहां पाइप लाइन नहीं है, वहां पर जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा। -सपना गुप्ता, चेयरमैन छर्रा।
छर्रा में पेयजल आपूर्ति की स्थिति
- कुल वार्ड - 15
- आबादी लगभग- 35 हजार
- कुल मकान- 6 हजार
- पानी के कनेक्शन 1200
- सबमर्सिबल पंप 3600
- भूजल का स्तर 120 से 130 फुट
- पानी की टंकी- एक
- नलकूप- 2
- जलमूल्य-30 रुपये प्रतिमाह
- जलकर जमा- 70 प्रतिशत
- हैंडपंप 210 (102 नये)
- वाटरकूलर 9 (6 नये लगना बाकी)