इन दिनों शादी-विवाह का सीजन है। बाजारों में सूरत के सस्ते और आकर्षक लहंगों की जबरदस्त बहार है। पहले की तुलना में यह 20 से 30 फीसदी तक सस्ते हुए हैं। लहंगों की बढ़ती मांग को देखते हुए सूरत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री ने नई फैक्टरियों की स्थापना की है। जिससे उत्पादन बढ़ा है और प्रतिस्पर्धा तेज हुई है। इसी वजह से लहंगों के दाम पहले की तुलना में कम हो गए हैं।
दुकानदारों के अनुसार इस सीजन में दुल्हनें, उनकी सहेलियां, बहनें और रिश्तेदार बड़ी संख्या में कम कीमत पर आकर्षक डिजाइन के लहंगे तलाशने पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि बाजारों में इन दिनों सूरत के रेडी-टू-वियर लहंगों की बिक्री चरम पर है। इनकी शुरुआत 2100 रुपये से होती है। 2500 से 4000 रुपये तक की रेंज में जबरदस्त लहंगे मिल रहे हैं।
लहंगा विक्रेताओं ने बताया कि कढ़ाई वाले, स्टोन वर्क, सीक्वेंस, जरी और नेट फैब्रिक वाले लहंगे पसंद किए जा रहे हैं। नये डिजाइन मसलन- डोली, पालकी, सिल्क, जोटा, मारवाड़ी लहंगे खूब पसंद किए जा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि सूरत में नई मशीनों के लगने और बड़े पैमाने पर उत्पादन बढ़ने से लहंगे पहले की तुलना में 20-30 प्रतिशत तक सस्ते हुए हैं। इससे न सिर्फ कारोबार में तेजी आई है बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी कम कीमत पर बेहतर विकल्प मिल रहे हैं।
इस साल काफी अच्छे और सस्ते लहंगे आए हैं। अच्छी बात यह है कि इनकी कीमतें कम हैं। इस साल सूरत से बहुत कम दामों में लहंगे आ रहे हैं। इनकी डिजाइन और रंग आकर्षक हैं।
-प्रदीप वार्ष्णेय, लहंगा विक्रेता।
लहंगों की रेंज में इस साल काफी परिवर्तन हुआ है। सस्ते लहंगों की नई रेंज पहली बार आई है। दुल्हन के लिए अब 5000 रुपये की रेंज में काफी बेहतर लहंगे हैं, जो मध्य वर्गीय परिवारों को पसंद आ रहे हैं।
-श्रीप्रसाद, लहंगा विक्रेता।
-