जिंदा पेंशनार्थियों को मृतक दिखाकर पेंशन बंद किए जाने के मामले उजागर होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मृतक दर्शाए गए 69 पेंशनार्थियों का सत्यापन शुरू कर दिया गया है। संबंधित पंचायत सचिवों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है, साथ ही जिनकी मृत्यु बता पेंशन बंद की गई, उनके मृत्यु प्रमाण पत्र व अन्य साक्ष्य मांगे गए हैं।
हाल ही में जिंदा पेशनार्थियों को मृत दर्शाकर पेंशन बंद करने के मामले सामने आए थे। अमर उजाला में इसकी खबर प्रकाशित होने के बाद डीएम ने जांच कराई थी।जांच में तीन पेंशनार्थियों की पेंशन बंद करने की पुष्टि हुई थी,जिसके बाद डीएम ने इस संबंध में डीपीआरओ को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।समाज कल्याण अधिकारी सरिता सिंह ने भी मृत दर्शा कर पेंशनार्थियों के मृत्यु प्रमाण पत्र व अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए जाने के लिए डीपीआरओ को पत्र लिखा है।
इसके बाद डीपीआरओ ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों से सभी साक्ष्य तलब किए हैं। विभाग इन पेंशनार्थियों से जुड़े मृत्यु प्रमाणपत्र, सत्यापन रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर रहा है। कई मामलों में प्राथमिक जांच में गड़बड़ी की आशंका भी सामने आई है। डीपीआरओ सुबोध जोशी ने बताया कि मिली सूची के क्रम में सभी पंचायत सचिवों से स्पष्टीकरण व साक्ष्य मांगे गए हैं।
यह पेंशनार्थी हैं जिंदा
केस एक
ब्लॉक सासनी के गांव सीकुर के रहने वाले झरगद सिंह जिंदा है और उनको मृत बताकर पेंशन बंद कर दी गई। झरगद सिंह ने बताया कि उनकी पेंशन काट दी गई है काटने का कारण अभी तक बताया नहीं गया है। अब विभाग वाले फिर से वृद्धा पेंशन जल्दी ही सही करा देने की बात कह रहे हैं।
केस दो
पेंशनार्थी मुन्नी निवासी जरैया गदा खेड़ा को भी मृत बता पेंशन बंद कर दी गई है। मुन्नी ने बताया कि उन्हें यह तक नहीं बता रहे हैं, कि किस बात पर पेंशन बंद की है।