पति के दोस्त के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज
खाने में नशीला पदार्थ देकर महिला से किया था दुष्कर्म, महिला को वीडियो व फोटो दिखाकर कर ब्लैकमेल कर रहा आरोपी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली मुरसान में चंदपा क्षेत्र की महिला ने पति के दोस्त के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
चंदपा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला का पति ड्राइवर है। उसके साथ मुरसान क्षेत्र का रहने वाला दोस्त भी है। महिला द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि वह अपने पति के दोस्त के यहां खाने पर गई। दोस्त ने खाने में नशीला पदार्थ देकर महिला व उसके पति को बेहोश कर दिया और फिर महिला के साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी ने महिला की वीडियो और फोटो भी बना ली और फिर आरोपी महिला को पिछले कई महीनों से लगातार ब्लैकमेल करने लगा। इस बात की जानकारी महिला ने अपने पति को दी तो आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़ित थाने पहुंचे। इस मामले में आरोपी सत्येंद्र सिंह के खिलाफ थाना मुरसान में धारा 376, 328, 506 में मुकदमा दर्ज किया गया है।