दहेज हत्या के आरोपी और तमंचा के साथ पकड़े युवक को जेल
अपराधियों के खिलाफ सख्त हो रही पुलिस
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। सादाबाद पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी सहित न्यू आगरा थाने में गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित चल रहे एक व्यक्ति को तमंचा और कारतूस के साथ दबोच लिया। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राठी ने बताया कि चौकी प्रभारी मई उप निरीक्षक चंद्रपाल सिंह हमराही कर्मचारी कांस्टेबल कार्तिक चौधरी के साथ चौकी मई क्षेत्र में गश्त कर रहे थे तो गढ़ उमराव मार्ग से बिलारा को जाने वाली बम्बे की पुलिया पर एक व्यक्ति दिखाई दिया। शक होने पर रोकते हुए चेक करने की कोशिश की तो वह बिलारा की तरफ भागने लगा। इस पर सुबह करीब 2:30 बजे बिलारा की पुलिया पर सौ कदम की दूरी पर उसे पकड़ लिया गया। युवक ने पूछताछ में अपना नाम पप्पू कोली पुत्र अतर सिंह निवासी जटोई थाना सादाबाद बताया।
जामा तलाशी से इस व्यक्ति के पास से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। अभियुक्त थाना न्यू आगरा जनपद आगरा से गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित चल रहा था। इसे जेल भेज दिया गया है। वहीं एसएसआई अवधेश कुमार ने दहेज हत्या के मुकदमे में नामजद ससुर प्रेम सिंह पुत्र टमटूराम निवासी कजरौठी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसआई ने बताया कि प्रेम सिंह व अन्य तीन लोगों के खिलाफ सैमरा निवासी रामखिलौना पुत्र बीघाराम ने अपनी बेटी की दहेज हत्या किए जाने का मुकदमा सात अगस्त को कोतवाली में दर्ज कराया था।