संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
थाना मुरसान क्षेत्र के गांव जैतपुर निवासी लक्ष्मीकांत पुत्र स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद ने 17 नवंबर को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के सामने पेश होकर प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने एसपी को एक ऑडियो क्लिप भी उपलब्ध कराई, जिसमें पैसे के लेनदेन के संबंध में वार्ता हो रही थी। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने इस मामले की जांच सीओ सादाबाद को सौंपी है। जांच में शिकायत सही मिलने पर एसपी ने कोतवाली पुलिस को ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। एसपी के आदेश पर पुलिस ने ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि गांव करैया में 13 सितंबर की सुबह एक महिला की हत्या कर उसका शव बाजरे के खेत में फेंक दिया गया था। मृतका के पति ने उसी दिन ही गांव के ही एक युवक अनिल के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अनिल शिकायतकर्ता लक्ष्मीकांत का साला है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही थी। आरोपी को पुलिस कार्रवाई से बचाने की एवज में ग्राम के मौजूदा प्रधान दिनेशचंद्र पुत्र खेमचंद्र ने उससे 50 हजार रुपये की मांग की थी। उसने प्रधान को पैसे ट्रांसफर भी कर दिए। पैसे पहुंचने के बावजूद पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।