बिसावर क्षेत्र में शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। बिसावर पंचायत के गांव टीकैत निवासी कृष्णवीर चौधरी (30) दोपहर में अपने खेत पर ट्यूबवेल से हाे रही सिंचाई देखने जा रहे थे। जैसे ही वह सादाबाद-मथुरा मार्ग पर विधिपुर स्थित श्रीजी कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचे, तभी दाऊजी की ओर से गलत साइड से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को रौंद दिया। कृष्णवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा उनके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूरी पर हुआ। कृष्णवीर खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो जुड़वा बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं, जिनकी उम्र करीब 9 वर्ष है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बिसावर चौकी पुलिस भी पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक वाहन छोड़कर भाग गया है। घटना से गांव टीकैत में शोक की लहर दौड़ गई।