सिकंदराराऊ के एटा राजमार्ग पर गांव रतिभानपुर के पास 8 जनवरी की रात्रि करीब साढ़े सात बजे एटा की तरफ जा रही स्विफ्ट कार गाय टकरा गई। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ती हुई विपरीत लेन में आ गई और एटा की तरफ से तेज गति से आते ट्रक से टकरा गई। हादसे में चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार के परखच्चे उड़ गए।
एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव कंचनपुर निवासी बृजेश व श्याम सिंह व बृजेश की पत्नी सूरजमुखी स्विफ्ट कार में एटा की तरफ जा रहे थे। गांव रातिभानपुर के निकट हाईवे पर एकाएक कार के आगे गाय आ गई। गाय से टकराने के बाद तीव्र गति से जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़कर विपरीत लेन में आ गई। विपरीत लेने में एटा की तरफ से तीव्र गति से एक ट्रक आ रहा था। कार ट्रक से जा टकराई।
हादसे में बृजेश (38), उनके सगे भाई श्याम सिंह (33) निवासी कंचनपुर अलीगंज और कार चला रहे चालक मुकेश (26) निवासी गांव विक्रमपुर कुरावली मैनपुरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूरजमुखी पत्नी बृजेश को गंभीर चोटें थीं, उन्हें सीएचसी से रेफर कर दिया गया था। अस्पताल ले जाते समय सूरजमुखी की भी मौत हो गई। मृतकों के परिजनों से कोतवाली पुलिस लगातार संपर्क कर रही है। मौके पर एसडीएम धर्मेंद्र सिंह चौहान, सीओ श्यामवीर सिंह व कोतवाल अरविंद राठी पहुंच गए। एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया।
सत्संग हादसे के बाद हुई नौ लोगों की मौत
पिछले साल 2 जुलाई को गांव फुलरई मुगलगढ़ी के निकट साकार हरि के सत्संग के दौरान भगदड़ मचने से 121 लोगों की मौत की घटना के बाद इस स्थल के चार किलोमीटर दायरे में 45 दिन में दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो चुकी है। लोग अब इस स्थान से गुजरने में भी कतराने लगे हैं।