कंजड़ कालोनी में पकड़ी गई अवैध कच्ची शराब व लहन
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस जंक्शन पुलिस ने आबकारी पुलिस के साथ मिलकर नगला शीशग्राम में नकली शराब बनाने का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और दो आरोपी भाग जाने में कामयाब रहे हैं।
एसएसआई अनिल कुमार सिंह के मुताबिक गांव में नकली शराब बनाने की सूचना मिली थी। आबकारी इंस्पेक्टर श्रीकृष्ण व कांस्टेबल देवराज को साथ लेकर पुलिस ने छापेमारी की।
मौके पर शराब के 72 पौवे, शराब की नामचीन कंपनी के दो हजार रेपर, ढाई हजार होलोग्राम, 550 ढक्कन, 180 पौवे की खाली शीशी पुलिस को मिली।
इसके अलावा पुलिस को ढक्कन सील करने वाली मशीन, दो डाई व दो बाइक भी मौके से मिली हैं। आरोपी उदयवीर सिंह उर्फ ऊदल सिंह पुत्र नूर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से उसका बेटा भोला व एक अन्य साथी दीपक भाग निकले। पुलिस आरोपियों की तलाश में है।
छापेमारी करने वाली टीम में एसएसआई अनिल कुमार सिंह के अलावा एसआई हेमंत राघव, एचसीपी नरेंद्र, यदुवीर सिंह, कांस्टेबल अनिल व पुरा चौकी के सभी पुलिसकर्मी शामिल थे।