आरोप है कि युवक ने फैक्टरी चलाने के नाम पर व्यापारी से दो लाख रुपये की चौथ मांगी। कहासुनी में युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। बचने के प्रयास में उनके कान व चेहरे पर चाकू लग गया। फैक्टरी के बाकी कर्मचारी दौड़े और युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके बाकी साथी तो भाग गए।
हाथरस के परसारा रोड स्थित गांव गढ़ी जैनी में डिब्बा फैक्टरी संचालक पर 31 अक्तूबर रात एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके चेहरे व कान पर चोट आई है। व्यापारी का आरोप है कि चौथ न देने पर उन पर हमला किया गया। देर रात बड़ी संख्या में व्यापारी भी व्यापारी के समर्थन में जिला अस्पताल पहुंच गए।
विज्ञापन
वाटर वर्क्स कॉलोनी निवासी मनीष वार्ष्णेय (46) की परसारा रोड पर प्रिंटिंग प्रेस और डिब्बे बनाने की फैक्टरी है। मनीष ने बताया कि 31 अक्तूबर की दोपहर को वह अपनी फैक्टरी पर मौजूद थे। तभी गांव गंगचौली का युवक अपने साथियों के साथ उनकी फैक्टरी पर आया और उन्हें धमकाया। आरोप है कि युवक ने फैक्टरी चलाने के नाम पर उनसे दो लाख रुपये की चौथ मांगी। शाम को वह फिर से फैक्टरी पर आ गया। इस बीच हुई कहासुनी में युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। बचने के प्रयास में उनके कान व चेहरे पर चाकू लग गया।
फैक्टरी के बाकी कर्मचारी दौड़े और युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके बाकी साथी तो भाग गए। खुद को घिरता देख युवक अपना सिर दीवार पर पटकने लगा। मनीष ने बताया कि आरोपी का पिता उनकी फैक्टरी पर काम कर चुका है। इसके बाद भी वह उन्हें धमका रहा था। सूचना पर चंदपा पुलिस मौके पर पहुंच गई। व्यापारी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। एसएचओ चंदपा श्याम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।