संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
होली का हुड़दंग हमें श्रेष्ठ प्राप्तियों से वंचित कर रहा है, ज्ञान की पिचकारी ही होली की श्रेष्ठ प्राप्तियां दिलवा सकती हैं। उक्त बातें प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सादाबाद में जनपद प्रभारी सीता दीदी ने मंगलवार को ज्ञान होली कार्यक्रम के दौरान कहीं। सीता दीदी ने कहा कि आत्म स्मृति का तिलक ही परमात्मा में निश्चय का आधार है। कलयुग में दु:ख, अशांति के मध्य ईश्वर ही सर्व आत्माओं का एकमात्र आश्रय है।
कार्यक्रम में आए सभी भाई बहनों ने अपने अंदर की एक बुराई को लिख कर हवन कुंड में डालकर होली जलाई। इस अवसर पर स्थानीय प्रभारी ब्रह्माकुमारी भावना बहन ने होली का आध्यात्मिक रहस्य सुनाते हुए कहा कि सभी के जीवनकाल में बहुत सी बातें आती है, कई बार सालों बीत जाते है लेकिन हम कहते है ये बात कभी नहीं भूलेंगे।
हम यह भी जानते है कि बातों को पकड़कर रखने में हमारी सेहत, स्वास्थ्य और रिश्तों का भरपूर नुकसान है। परमात्मा हमें याद दिलाता है कि हम सभी एक बाप के बच्चे, आपस में भाई भाई हैं, समग्र विश्व एक परिवार है। जो हुआ सो हुआ, बीती को बिंदी लगाओ और प्यार से सब को साथ रख़कर आगे बढ़ो। इस अवसर पर मुरसान प्रभारी बबिता बहन, बीके मिथलेश बहन, रामबाबू बघेल, सोनम बहन, रनवीर चौधरी, पूजा बहिन, महेश आदि थे।