ऑपरेशन कायाकल्प के तहत जिले के 59 परिषदीय विद्यालयों में चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। यह काम मनरेगा व ग्राम पंचायत निधि से कराया जा रहा है। अब तक जिले के 26 परिषदीय विद्यालयों में निर्माण कार्य को पूर्ण कर लिया गया है। शेष निर्माण कार्य को 31 जुलाई तक पूर्ण कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिले के परिषदीय विद्यालयों में चहारदीवारी न होने के कारण छुट्टा गोवंश स्कूल परिसर में घुस जाते हैं। इस तरह की कई शिकायतें बेसिक शिक्षा विभाग को मिल रही थीं। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत इन विद्यालयों में चहारदीवारी बनाने का निर्णय लिया गया। जिले के 59 परिषदीय विद्यालयों का चयन इस काम के लिए किया गया है। इन विद्यालयों में चहारदीवारी के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
मनरेगा और ग्राम पंचायत निधि से चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) राजेश कुरील ने बताया कि अब तक 26 विद्यालयों में निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष विद्यालयों में 31 जुलाई तक काम करा दिया जाएगा। चहारदीवारी के निर्माण में लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।