क्षेत्र के गांव रामगढ़ में बुधवार सुबह महेश (30) का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मूल रूप से बुलंदशहर जिले के गांव पड़ियावली निवासी महेश पुत्र चंद्रपाल कुछ समय से अपनी पत्नी के साथ ससुराल में ही रह रहे थे। महेश पंजाब में रहकर मजदूरी करते थे। करीब सात-आठ दिन पहले वह अपनी ससुराल आए हुए थे। ससुराल वालों का कहना है कि महेश शराब पीने के आदी थे और यहां आने के बाद से लगातार अत्यधिक शराब का सेवन कर रहे थे।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार शाम वह घर से अचानक निकल गए थे। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ पर उनका शव लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना देकर बुला लिया गया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को बिलखते हुए छोड़ा है। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।