शहर की साकेत कॉलोनी में फाइनेंस कर्मी की बेटी वात्सल्य शर्मा उर्फ सिल्की (14) का शव बुधवार रात फंदे पर लटका मिला। रात को घर लौटे परिजनों को घटना की जानकारी हुई। वे आनन-फानन किशोरी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
साकेत कॉलोनी निवासी दीपक भारद्वाज फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं। साथ ही वे सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़े हैं। बुधवार को दीपक शहर से बाहर गए थे। उनकी पत्नी भी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ काम से गई हुई थीं। घर पर केवल उनकी बेटी वात्सल्य अकेली थी।
रात करीब आठ बजे दीपक घर पहुंचे तो वात्सल्य ने गेट नहीं खोला। कई बार मिलाने के बावजूद फोन नहीं उठाया। वह दूसरे रास्ते से घर में दाखिल हुए तो उनके होश उड़ गए। कमरे के जंगले पर चुनरी बंधी हुई थी। चुनरी पर वात्सल्य को लटका देख दीपक की चीख निकल गई।
किशोरी की मां व परिवार के अन्य लोगों का रो-रो कर बुरा हाल था। दीपक ने आनन-फानन बेटी को नीचे उतारा और पड़ोसियों की मदद से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां काफी संख्या में दीपक के परिचित पहुंच गए। कोतवाली हाथरस गेट पुलिस व सीओ सिटी भी पहुंच गए। पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन परिजन आत्महत्या की वजह नहीं बता सके। पिता ने पुलिस को बताया कि सबकुछ ठीक था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
आत्महत्या की आशंका के चलते शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत की वजह हैंगिंग ही आई है। अभी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।
-हिमांशु माथुर, सीओ सिटी