ब्लॉक सासनी के गांव सहजपुरा के राशन डीलर के खिलाफ गेहूं और चावल की कालाबाजारी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। डीलर के यहां जांच के दौरान 45 बोरे गेहूं और 63 बोरे चावल के कम पाए गए।
ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार एवं कुसुम देवी, ब्रजेश देवी, शकुंतला देवी, पूजा देवी और रेशमा सहित अन्य ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ राशन सामग्री की घटतौली और कालाबाजारी की शिकायत की थी। शिकायत पर पूर्ति निरीक्षक टीम के साथ जांच करने पहुंचीं तो राशन सामग्री के वितरण में धांधली मिली। जांच के समय मौके पर उचित दर विक्रेता राजवीर सिंह दुकान पर उपस्थित मिले।
डीलर ने ई-पॉस मशीन और इलेक्ट्रॉनिक कांटा उपलब्ध कराते हुए अपनी दुकान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया। दुकान में कुल 14 बोरे गेहूं और कुल 29 बोरे चावल मिला, जबकि दोनों योजनाओं के तहत 59 बोरे गेहूं और 92 बोरे चावल होना चाहिए था। इस तरह गेहूं के 45 और चावल के 63 बोरे कम पाए गए। मौके पर उपस्थित कुल 45 कार्डधारकों के लिखित बयान भी लिए गए।
मौके पर प्रधान नरेंद्र कुमार ने अपने लेटर पैड पर लिखकर दिया कि डीलर द्वारा कार्डधारकों को समय से राशन नहीं दिया जाता। 13 मई तक वितरण शुरू न करने के कारण किसी कार्डधारक को राशन नहीं मिला। वितरण के अंतिम दिवस पर आनन-फानन 500 ग्राम प्रति यूनिट घटतौली करते हुए राशन का वितरण किया जाता है।