भाकियू नेताओं को समझाते सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश। संवाद
- फोटो : Samvad
जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर अल्ट्रासाउंड को लेकर मरीज और चिकित्सक के बीच तीखी नोकझोंक हुई। यह विवाद हाथापाई तक पहुंच गया, जिसके बाद भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने भी पहुंचकर आपत्ति दर्ज कराई। सीएमएस कार्यालय में काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
गांव रघनिया निवासी अभिषेक गौतम अपनी सात साल की बेटी रियांशी को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। बेटी के पेट में दर्द था और चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड कराने को कहा। अभिषेक पर्चा लेकर अल्ट्रासाउंड कक्ष में गए। वेटिंग लिस्ट के कारण रेडियोलॉजिस्ट एसके गुप्ता ने उन्हें छह जून का समय दिया। आगे की तारीख देने और सीधे कक्ष में घुसने को लेकर अभिषेक व चिकित्सक में कहासुनी हो गई। अभिषेक का आरोप है कि चिकित्सक भड़क गए और हाथापाई पर उतारू हो गए। चिकित्सक व गार्ड ने उन्हें बाहर खदेड़ दिया।
रेडियोलॉजिस्ट एसके गुप्ता ने आरोपों को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि युवक ने उनसे अभद्रता की और सीधे कक्ष में घुस आया, जब वे महिला का अल्ट्रासाउंड कर रहे थे। अभिषेक ने घटना की जानकारी अपने संगठन को दी, जिसके बाद भाकियू पदाधिकारी सीएमएस कार्यालय पहुंचे। वहां अभिषेक और उनकी पत्नी ने चिकित्सक पर अभद्रता व हाथापाई के आरोप लगाए। सीएमएस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और अभिषेक ने लिखित शिकायत दी।
डीएम के सामने भी आई थी शिकायत
पिछले सप्ताह डीएम अतुल वत्स जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यहां ओपीडी के निरीक्षण के समय एक युवक ने अस्पताल परिसर में दलाल सक्रिय रहने और अल्ट्रासाउंड के लिए 300 रुपये लेने की शिकायत की थी। इस शिकायत को डीएम ने गंभीरता से लिया तथा अल्ट्रासाउंड कक्ष का निरीक्षण किया था। डीएम ने रजिस्टर बनाने तथा एक दिन में 50 अल्ट्रासाउंड करने तथा इससे अधिक मरीज आने पर अगली तिथि देने के निर्देश दिए थे।
चिकित्सक व मरीज दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। मरीज ने मामले में लिखित शिकायत की है। दो चिकित्सकों की कमेटी गठित कर दी है, जो जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डाॅ. सूर्यप्रकाश, सीएमएस