बिसावर विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत संविदा लाइनमैन का उपचार के दौरान हाथ काटे जाने के बाद कोई मुआवजा न मिलने से आक्रोशित लोगों ने रविवार को बिजलीघर पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। एसएसओ पर भी कार्रवाई करने की मांग की।
गौरतलब हो कि गांव सूमरा निवासी संविदा कर्मी कन्हैया तीन मार्च को बिसावर में हाईटेंशन लाइन पर काम करते हुए झुलस गया था। आगरा में हुए इलाज के दौरान उनका एक हाथ काटना पड़ा था। विद्युत विभाग द्वारा उचित सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 15 दिन बाद भी कोई मदद न मिलने से परिजनों व ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। ग्रामीणों ने रविवार को भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों के साथ धरना देकर नारेबाजी की। बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाकियू नेता गजेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि जब तक पीड़ित को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक किसी को चैन से नहीं बैठने देंगे। मौके पर एसडीएम संजय कुमार, विधायक गुड्डू चौधरी, सीओ हिमांशु माथुर मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों व विधायक ने उचित सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन समाप्त हो सका। मौके पर भाकियू आगरा मंडल प्रमुख महासचिव जगदीश परिहार, प्रचार मंत्री गिरिराज सिंह परिहार, मथुरा जिला महासचिव गणेश तोमर, गिरेंद्र चौधरी, अलीगढ़ मंडल उपाध्यक्ष चंद्रेश चौधरी, हाथरस युवा जिला अध्यक्ष मंगलेश यादव संजय सिंह सुमरा रणवीर सिंह चौधरी भूदेव शर्मा समेत सैकड़ों किसान शामिल रहे।
-