हाथरस के मथुरा रोड पर 22 नवंबर की देर शाम को ट्रक ने बाइक सवार देवर-भाभी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्रीय लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने भाभी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल देवर का उपचार जारी है। सूचना पर ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय भी इमरजेंसी पहुंच गए। यहां परिजनों को सांत्वना दी।
सासनी क्षेत्र के गांव लढ़ौता निवासी 26 वर्षीय मीरा अपने देवर अंकुर के साथ बाइक से हाथरस से दवा लेने आई थीं। मथुरा रोड स्थित बौहरे वाली देवी मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दोनों बुरी तरह घायल हो गए। इस दौरान मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां चिकित्सक ने मीरा को मृत घोषित कर दिया। अंकुर का उपचार जारी है। मीरा की मौत होने की सूचना मिलने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक मीरा ने अपने पीछे एक मासूम बेटे को छोड़ा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।