हादसे में बचे केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक
जीटी रोड पर ट्रक की टक्कर से खाई में जा गिरी कार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
सिकंदराराऊ। एटा रोड पर महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय के समीप जीटी रोड पर ट्रक की टक्कर से कार खाई में जा गिरी। कार में बैठे केनरा बैंक की सिकंदराराऊ शाखा के मैनेजर और अन्य कर्मी इस हादसे में बाल-बाल बच गए। उनके मामूली चोट लगी। मानसिक आघात भी पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार शाखा प्रबंधक सर्वेश वाजपेयी शनिवार की दोपहर को कार द्वारा गांव कचौरा की बैंक शाखा से लौट रहे थे। इनके साथ अलीगढ़ से एजीएम संजय सिंह भी दूसरी गाड़ी से चल थे। वापसी में एमपी डिग्री कॉलेज के पास सामने से आते ट्रक ने कार के समीप आते ही तेज कट मारा, जिससे शाखा प्रबंधक वाजपेयी की कार को ट्रक की जोरदार टक्कर लगी और कार कई पलटियां खाकर खाई में जाकर पलट गई।
कार में सवार सभी लोग सीट बेल्ट बंधी होने के कारण सुरक्षित बच गए। आते-जाते लोग भागकर कार पर पहुंचे और कार को सीधी करके सभी को बाहर निकाला। कार में सभी लोग मामूली रूप से चोटिल हो गए। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रक को कब्जे में ले लिया।