इगलास रोड पर सैयद के निकट मंगलवार को अचानक सामने भैंस आ जाने से छात्राओं से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में स्कूल से लौट रहीं चार छात्राओं समेत पांच लोग घायल हो गए।
राहगीरों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एक छात्रा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कस्बे के एक स्कूल में छुट्टी होने के बाद छात्राएं ऑटो से अपने गांव लौट रही थीं। इगलास रोड पर सैयद के पास अचानक सामने भैंस आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ऑटो से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन पलट गया।
हादसे में नगला गढ़ू निवासी छात्राएं नेहा, अंजली और रश्मि, अलीपुर मोहरिया निवासी भारती और यात्री शाहरुख घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अन्य घायलों को छुट्टी दे दी गई, जबकि भारती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संवाद