मंडी समिति में लगे धान के ढेर। संवाद
- फोटो : Samvad
अलीगढ़ रोड स्थित मंडी समिति में धान की बंपर आवक और सड़क पर जाम की समस्या को देखते हुए किसानों के वाहनों के प्रवेश का समय निर्धारित कर दिया गया है। मंडी सचिव अनिल कुमार के निर्देशानुसार अब धान लेकर आने वाले किसानों के वाहनों को गेट नंबर एक से रात 10 बजे से सुबह आठ बजे तक ही प्रवेश मिलेगा।
आढ़तियों के फड़ पर धान उतारने के बाद किसानों को अपने खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों को तत्काल मंडी से बाहर निकालना होगा, ताकि मंडी परिसर और अलीगढ़ रोड पर जाम की स्थिति न बने। आढ़तिया एसोसिएशन की ओर से दिए गए पत्र के आधार पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
बारिश के बाद आवक घटी, धान के दाम भी गिरे
सोमवार सुबह हुई बारिश का असर मंगलवार को मंडी में धान की आवक और कीमतों पर दिखाई दिया। नमी अधिक होने के कारण धान के दाम कम रहे। मंगलवार को मंडी में करीब 38 हजार क्विंटल धान की आवक हुई। हाथ से काटे गए धान का भाव 4000 से 4200 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि कंबाइन से कटाई किए गए धान की कीमत 3500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल तक रही। गौरतलब है कि तीन दिन पहले धान की बंपर आवक के चलते मंडी को दो दिन के लिए बंद करना पड़ा था।