हसायन विद्युत उपखंड क्षेत्र में निजी नलकूप के बिजली कनेक्शन के नाम पर रुपये मांगने का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो और उसमें किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता।
बताया जा रहा है कि गांव बपंडई निवासी एक व्यक्ति ने निजी नलकूप के बिजली कनेक्शन के संबंध में नगला वीरसहाय विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एक कर्मचारी से बातचीत की थी। वायरल ऑडियो में कथित रूप से लाइन खींचने और ट्रांसफॉर्मर लगाने के नाम पर करीब 1.50 लाख रुपये खर्च होने तथा 50 हजार रुपये देने की बात सुनाई देती है।
स्थानीय स्तर पर यह भी दावा किया जा रहा है कि संबंधित नलकूप का कनेक्शन जारी कर ट्रांसफॉर्मर चालू करा दिया गया, लेकिन इसकी भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। एसडीओ शुभम सिंह ने बताया कि वायरल ऑडियो उनके संज्ञान में है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि बातचीत किसके बीच हुई है। जांच के लिए अधिशासी अभियंता से टीम गठित कराने की संस्तुति की जाएगी। संवाद