संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
पंचायत चुनाव में नामांकन प्रक्रिया को लेकर हुई तैयारियों को शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने ब्लॉक मुख्यालयों पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान ब्लॉक सदर का एसडीएम सदर अंजली ने औचक निरीक्षण किया। एडीएम, सीडीओ व एसडीएम सदर के औचक निरीक्षण से ब्लाक में खलबली मच गई।
निरीक्षण के दौरान आरओ व दस एआरओ गैरहाजिर मिले। हैरानी की बात यह रही कि जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि आरओ चुनाव ड्यूटी छोड़कर जिले से बाहर आगरा में हैं। एसडीएम की रिपोर्ट पर डीएम रमेश रंजन ने गैरहाजिर आरओ और एआरओ से स्पष्टीकरण तलब किया है। स्पष्टीकरण न देने की स्थिति में गैरहाजिर आरओ तथा एआरओ के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शुक्रवार को एडीएम जेपी सिंह, सीडीओ आरबी भास्कर, उपजिलाधिकारी सदर अंजलि गंगवार ने दोपहर साढ़े ग्यारह बजे ब्लाक सदर का औचक निरीक्षण किया। इससे कर्मचारियों में खलबली मच गई। एसडीएम को मौके पर आरओ अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देवाशीष उपाध्याय व एआरओ कुलदीप कुमार, गोविंद सारस्वत, संतोषकुमार, प्रकाशचंद्र, दिनेश कुमार, मो. ऊमर, सरदार सिंह, कैलाश चंद्र, राजकिशोर यादव, रिपुदमन सिंह गैरहाजिर मिले।
एसडीएम सदर ने गैरहाजिर आरओ से फोन पर वार्ता की। आरओ अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देवाशीष उपाध्याय ने बताया कि वह आगरा हैं। इस पर एडीएम व एसडीएम सदर ने नाराजगी जताई। इस संबंध में एसडीएम सदर ने अपनी रिपोर्ट डीएम को दी। एसडीएम सदर की रिपोर्ट पर डीएम ने गैरहाजिर अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।