हाथरस। ब्रज क्षेत्र के लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज में पहली बार अंतर राष्ट्रीय नियमों के तहत हुई खिताबी कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन रविवार रात दो बजे तक चला। दंगल कमेटी ने देर रात तक विजेता पहलवानों को भारत कुमार और भारत कुमारी के पुरस्कार से नवाजा गया। भारत कुमार के लिए फाइनल मुकाबला रोहतक के सोमवीर व रोहतक के ही अनूप पहलवान के बीच हुई, जिसमें अनूप के जीते और उन्हें भारत कुमार चुना गया। भारत कुमारी के लिए फाइनल कुश्ती रितु मलिक रेलवे दिल्ली व मनीषा हरियाणा के बीच हुई, जिसमें सर्वाधिक अंक प्राप्त कर रितु मलिक भारत कुमारी चुनी गईं।
महिला पहलवानों के बीच 45 से 70 किग्रा भार वर्ग में कुश्तियां कराई गईं। पुुरुष पहलवानों की 80 से 120 किग्रा भार वर्ग में कुश्तियां हुईं। दंगल संरक्षक पूर्व विधायक राजवीर पहलवान व दंगल संयोजक देवेंद्र शर्मा ने भारत कुमार व भारत कुमारी के नामों की घोषणा की। उनको राजवीर सिंह अंतर्राष्ट्रीय पहलवान समिति द्वारा पुरस्कृत किया गया। दंगल में रक्षपाल सिंह, प्रताप सिंह, राजकुमार, सुमित कुमार, ज्ञान कुमार ने रेफरी की भूमिका अदा की। दंगल में भाजपा जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह परमार, नगराध्यक्ष मूल चंद वार्ष्णेय, यतेंद्र वार्ष्णेय, राकेश शर्मा अनाड़ी, मोहन पंडित, सुनीत आर्य सहित काफी भाजपाई मौजूद थे।