संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
नगर पालिका परिषद हाथरस की सीमा विस्तार में शामिल होने वाले करीब 2.5 लाख लोगों को अब अमृत योजना के जरिए शुद्ध पेयजल मिलेगा। जल निगम की ओर से इन लोगों को पेयजल आपूर्ति दिए जाने के लिए पालिका प्रशासन के साथ मिलकर खाका खींचा जा रहा है। सीमा विस्तार क्षेत्र में पेयजल के लिए अमृत योजना के कई चरण में कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
शासन स्तर से नगर पालिका परिषद हाथरस क्षेत्र का सीमा विस्तार किया गया है। इस सीमा विस्तार में जिले में 30 ग्राम सभा शामिल हुई हैं। अब इन ग्राम सभा में रहने वाले करीब 2.5 लाख लोगों को भी अमृत योजना के तहत शुद्ध पानी मिलेगा। शासन स्तर से नगर पालिका परिषद हाथरस के विभिन्न क्षेत्रों में अमृत योजना के तहत पानी दिए जाने को लेकर कार्य चल रहा है। पालिका क्षेत्र में 7 जोनों में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन डाली जा रही हैं। कई टयूबैल, ओवर हैड टेंक, अंडर ग्राउंड टेंक का निर्माण किया जा रहा है। अब नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार होने के साथ ही इन इलाकों में रहने वाले लोगों को भी इस योजना के तहत लाभांवित किया जाएगा। जल निगम की ओर से सीमा विस्तार में शामिल हुई ग्राम सभाओं में अमृत योजना के तहत पाइप डाले जाने सहित अन्य कामों को किए जाने के लिए पालिका प्रशासन के साथ मिलकर खाका खींचने की तैयारी शुरू कर दी गई है। एक्सईन जल निगम आरके शर्मा ने बताया कि पालिका के सीमा विस्तार क्षेत्र के लोगों का भी अमृत योजना के तहत पेयजल आपूर्ति दी जाएगी। जल्द ही चरण बार कार्ययोजना तैयार की जाएगी।