सहपऊ में जाम में फंसी एंबुलेंस। संवाद
- फोटो : Samvad
कस्बे के मुख्य बाजार में बृहस्पतिवार दोपहर वाहनों की भीड़ और बेतरतीब पार्किंग के कारण जाम लग गया। हनुमान तिराहे से कोतवाली के सामने तक लगे जाम में प्रसूता को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस गई। इसमें सवार प्रसूता प्रसव पीड़ा से कराह रही थी, जिससे उसके परिजनों की सांसें तब तक अटकी रहीं, जब तक एंबुलेंस जाम से निकल नहीं गई।
एंबुलेंस को जाम से निकलवाने के लिए स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मुख्य बाजार में सड़क के दोनों ओर दुकानों के सामने दोपहिया वाहन खड़े होने के साथ ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की आवाजाही से सड़क संकरी हो गई। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। रक्षाबंधन के चलते बाजार में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। वहीं, दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने तख्त आदि लगाने से भी रास्ता और संकरा हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में आए दिन वाहनों की भीड़ के कारण जाम लगता है। अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि त्योहार के बाद अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ फिर कार्रवाई की जाएगी।