हाथरस। वर्षा जल संचय करें। भूजल संवर्धन बढ़ाए की थीम पर प्रदेशभर में 16 से 22 जुलाई तक भूजल सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। शासन स्तर से मिले निर्देशों के बाद जिले में भी इस सप्ताह को मनाए जाने की तैयारियां अधिकारियों ने शुरू कर दी हैं।
शासन का मानना है कि विगत वर्षों में प्रदेश में काफी कम बारिश हुई है और कई जिलों मेें सूखे के हालात उत्पन्न होने के साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल का संकट भी खड़ा हो गया है। वहीं सिंचाई, पेयजल और औद्योगिक सेक्टर्स में भूजल पर निरंतर बढ़ती निर्भरता से अनेक क्षेत्रों में अतिदोहन की स्थिति उत्पन्न हो गई है। लगभग सभी प्रमुख शहरों में भूजल स्तर में जहां भारी गिरावट हो रही है, इसलिए इस सप्ताह को मनाए जाने के लिए शासन के मुख्य सचिव ने इस संबंध में जिलाधिकारी को शासनादेश भी जारी किया है।
179 विकास खंड क्रिटिकल श्रेणी में
हाथरस। प्रदेश के 179 विकास खंड अतिदोहित और क्रिटिकल श्रेणी में पहुंच गए हैं। भूजल उपलब्धता में कमी आने के साथ भूजल प्रदूषण और जल प्लावन की समस्याएं नई चुनौतियों के रूप में सामने आ रही हैं। यह स्थिति चिंताजनक है। इस कारण प्रदेश में भूजल प्रबंधन, वर्षा जल संचयन एवं भूजन रिचार्ज के लिए समग्र नीति प्रख्यापित की गई है।
डीएम, सीडीओ की रहेगी विशेष भूमिका
इस साल प्रदेश में मंडल, जनपद, तहसील और विकास खंड स्तर पर 16 से 22 जुलाई के मध्य भूजल सप्ताह वृहद स्तर पर मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए मंडलायुक्त, डीएम और सीडीओ की विशेष भूमिका रहेगी।
प्रतिदिन जनता तक पहुंचाना होगा संदेश
जिला स्तर पर पूरे सप्ताह मनाए जाने वाले इस आयोजन के तहत 16 से 22 जुलाई तक प्रत्येक दिन भूजल संरक्षण का संदेश आम जनता तक पहुंचाना होगा। सप्ताह के दौरान गोष्ठी, रैली, पदयात्रा आदि भी आयोजित करने होंगे। कार्यक्रम आयोजित कर सप्ताह का समापन करना होगा।
स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं
सप्ताह के तहत 17 से 22 जुलाई तक स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, शिक्षकों की सहभागिता, विचार गोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
जलसंरक्षण की योजनाओं का होगा उद्घाटन
सुधारे गए तालाबों, चेक डेम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और एकीकृत जलागम प्रबंधन से जुड़ी जल संरक्षण योजनाआें के कार्यों का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण यथासंभव जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा।
उल्लेखनीय काम करने वाले होंगे सम्मानित
भूजल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों और गैर सरकारी संगठनों को इस सप्ताह में सम्मानित भी किया जाएगा।
इन अफसरों की टीम रहेगी सक्रिय
जनपद स्तर पर चूंकि भूगर्भ जल विभाग के अधिकारी तैनात नहीं है, इसलिए कृषि, सिंचाई, लघु सिंचाई, विकास प्राधिकरण, नगर पालिका, आवास, ग्राम्य विकास, पंचायतराज, जल निगम, लोक निर्माण, उद्यान, शिक्षा विभाग आदि के अफसरों की एक टीम बनाई जाएगी, जोकि इस कार्यक्रम को सफल बनाएगी।
भूजल सप्ताह मनाए जाने के संबंध में शासन के दिशा निर्देश प्राप्त हो गए हैं। दिशा निर्देशों के आधार पर तैयारियां की गई हैं।
-जावेद अख्तर जैदी, सीडीओ हाथरस