किसानों और किसान नेताओं पर की गई कार्रवाई को लेकर चर्चा करते अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
सादाबाद। फसल को बर्बाद कर रहे आवारा पशुओं की समस्या के समाधान और पिछले दिनों कुछ किसान नेताओं पर की गई कार्रवाई को लेकर दी बार एशोसिएशन की बैठक शनिवार को हुई। बैठक में प्रशासन से किसानों को राहत देने की मांग की गई।
बैठक में बार अध्यक्ष सुरेंद्र पाराशर ने कहा कि जिलेभर में आवारा पशुओं ने आतंक मचा रखा है। किसानों की मेहनत से सींची हुई फसल को पलभर में यही पशु बर्बाद कर रहे हैं। किसान कई दिनों से आंदोलनरत हैं, इनकी समस्याओं का समाधान प्रशासन को करना चाहिए।
अधिवक्ता कुंजिल सिंह ने कहा कि आवारा पशुओं से परेशान किसानों की समस्या के समाधान के लिए कुछ किसान नेता किसानों की आवाज उठा रहे थे, लेकिन प्रशासन द्वारा उन पर जो कार्रवाई की गई है, उसे वापस लिया जाना चाहिए। अधिवक्ता रामेश्वर सिंह जैसवाल ने आवारा पशुओं के तत्काल प्रबंध करने की बात कही, जिससे किसानों की फसल बच सके। बैठक में अधिवक्ता अनिल दीक्षित, अखिलेश चौधरी, बहादुर सिंह, मनोज चौधरी, राजेश शर्मा, पदम सिंह, शिशुपाल सिंह, नरेंद्र सिंह काका, बीडी गौतम, वीरेंद्र सिंह, मुकेश तिवारी, दीपक दीक्षित, राजेश शर्मा, राघवेंद्र सिसौदिया आदि थे।