चंदपा कोतवाली में गुरुवार रात पुलिस कस्टडी के दौरान एक युवक ने आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी और मुंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। नाबालिग लड़की को ले जाने के मामले में युवक को हिरासत में लिया गया था।
चन्दपा क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में चंद्रपाल निवासी लोनी, गाजियाबाद के खिलाफ 18 अप्रैल को लड़की के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को गाजियाबाद से किशोरी को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी चंद्रपाल को हिरासत में थाने लाई थी। यहां लड़की को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया था तथा विधिक कार्रवाई चल रही थी।
इस बीच देर रात थाने में मौजूद आरोपी चंद्रपाल ने शौच जाने का बहाना बनाया। बताया जा रहा है कि बाथरूम के भीतर उसने अपने पास मौजूद गमछे से रोशनदान पर फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया, तो पुलिसकर्मियों ने अंदर जाकर देखा। युवक को फंदे से लटका देख पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। उसे आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।