सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस ने 8 जनवरी की रात्रि में क्षेत्र से पशु चोरी के तीन और बाइक चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बाइक चोरी के आरोपी पर स्थानीय कोतवाली और बाराबंकी में 11 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी 16 दिसंबर को एटा रोड स्थित गांव उमरावपुर से दो बकरियां चोरी हो गई थीं। पशु चोरी करने वाले कार में बैठकर क्षेत्र का चक्कर लगा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को पीछा कर दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी जान मोहम्मद पुत्र इस्लाम, अरमान पुत्र नासिर, राशिद पुत्र जैनुद्दीन फिरोजाबाद के निवासी हैं और क्षेत्र में पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। यह लोग कार से भेड़ बकरियां चोरी पैंठ में बेचते हैं। इन लोगों ने उमरावपुर के अलावा हाथरस जंक्शन क्षेत्र से भी छोटे पशुओं की चोरी की थी।
इनके कब्जे से पुलिस को दो तमंचे और चोरी में प्रयुक्त कार मिली है। सबको जेल भेजा गया है। इस क्रम में कोतवाली के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी शेखू पुत्र अफसर अली को भी पुलिस ने बिना नंबर की बाइक और तमंचा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यह बाइक एटा क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस को काफी दिनों से उसकी तलाश थी। पकड़े गए शेखू पर स्थानीय कोतवाली के अलावा बाराबंकी में 11 मुकदमे चोरी, अपहरण और हत्या के प्रयास के दर्ज हैं। उसे भी जेल भेजा गया है।