5- मृतक पिंकी उर्फ भूमि का फाइल फोटो।
- फोटो : SADABAD
क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस (सादाबाद)।
बिसावर क्षेत्र के गांव टीकैत में दो दिन पहले लापता हुई चार साल की मासूम बच्ची का शव तीसरे दिन गांव की पोखर में मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर काफी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। एसपी, एएसपी ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने बच्ची के शव को पोखर से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, बच्ची के परिजनों में कोहराम मचा हुआ था।
गौरतलब हो कि गांव टीकैत निवासी नरसी पुत्र दयाराम ने 31 अगस्त को कोतवाली सादाबाद में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें उसने बताया था कि उसकी चार साल की अबोध बेटी पिंकी उर्फ भूमि सुबह 10 बजे से लापता हो गई है और वह बोलने में असमर्थ है। उसने अपनी बेटी को कई जगह तलाशा है, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका है। रिपोर्ट दर्ज हो जाने के बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राठी ने रविवार को कई घंटे तक गांव में खेतों व अन्य स्थानों पर बच्ची की खोजबीन की थी, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राठी ने बताया कि गांव के बच्ची पिंकी उर्फ भूमि खेलते खेलते घर के पीछे बनी पोखर की तरफ चली गई और उसमें डूबकर उसकी मौत हो गई। फिलहाल, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।