मजिस्ट्रेट चेकिंग में काफी यात्री पकड़े गए बेटिकट
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मुरसान स्टेशन के पास सुबह के वक्त मजिस्ट्रेट चेकिंग में काफी यात्री बिना टिकट पकड़े गए। चेकिंग स्टॉफ सभी यात्रियों को अपने साथ ले गया। इससे ट्रेनों में हड़कंप मचा रहा।पूर्वोत्तर रेलवे के कासगंज-मथुरा रूट के मध्य मुरसान स्टेशन के कंचना फाटक के पास मंगलवार की सुबह हड़कंप की स्थिति रही।
सुबह के वक्त मजिस्ट्रेट की बस आकर रुकी। बस में टीटी, आरपीएफ के जवान व अन्य स्टॉफ था। अप लाइन पर आने वाली कासंगज-आगरा फोर्ट पैसेंजर व डाउन लाइन पर भरतपुर-कासगंज पैसेंजर को मुरसान स्टेशन के कंचना फाटक के पास रुकवा लिया गया। ट्रेन में एक साथ चैकिंग की गई। जिससे ट्रेनों में बैठे यात्रियों में खलबली मच गई।
हालत उन यात्रियों की ज्यादा खराब थी, जो बगैर टिकट यात्रा कर रहे थे। इनमें से कुछ यात्री तो चैकिंग स्टॉफ को देखते ही दौड़ लिए। जिन्हें पकड़ लिया गया। चेकिंग टीम मथुरा जा रही ट्रेन से कई दर्जन बिना टिकट यात्रा कर रहे मुसाफिरों को पकड़ा है। इसी दौरान एक महिला ने जब अपने पति को छुड़ाने की कोशिश और वह बस के सामने खड़ी हो गई। इस पर महिला पुलिस ने उसे जैसे-तैसे हटाया।